मंगलवार, 13 जून 2023

ग़ज़ल कमल ग़ज़ल गुलाब : विजय 'अरुण' का ग़ज़ल संग्रह

 

ग़ज़ल कमल ग़ज़ल गुलाब : विजय 'अरुण' का ग़ज़ल संग्रह 


वरिष्ठ शायर विजय 'अरुण' के ग़ज़ल संग्रह का नाम है 'ग़ज़ल कमल ग़ज़ल गुलाब।' इस संग्रह में हिंदी और उर्दू की 188 ग़ज़लें शामिल हैं। विजय अरुण में गहरी अंतर्दृष्टि है। सामाजिक मुद्दों की पहचान है। वह साहस और सच्चाई का परचम लहराते हुए आगे बढ़ते हैं। इसलिए उनकी ग़ज़लें मर्म को छूती हैं। 

वर्ण व्यवस्था तो मानक थी कौन से काम के योग्य हो तुम 
पर तुम आज मिश्र और ठाकुर, जाने क्या क्या जात बने 
राम का मंदिर पुनः बनाना बहुत कठिन था मान लिया 
पर तुम राम के पद चिन्हों पर अगर चलो तो बात बने


विजय अरुण राजनीति, धर्म, समाज और संस्कृति पर बेबाक टिप्पणी करते हैं। वे ज़िंदगी की जानी पहचानी तस्वीरों को नई भाव भंगिमा से पेश करते हैं। हिंदी भाषा और उर्दू ज़बान दोनों का समृद्ध कोश उनके पास है। वे अपने फ़िक्र और जज़्बात के इज़हार के लिए शब्द सम्पदा का कारगर इस्तेमाल करते हैं। 

मेरा कोई शत्रु नहीं, कोई मित्र नहीं 
दुनिया वालो क्या यह बात विचित्र नहीं 
चित्रकार! यह चित्र है तो मुंह से बोले
आड़ी सीधी रेखाएं तो चित्र नहीं 

विजय अरुण की विविधरंगी ग़ज़लों में प्रेम, अध्यात्म, धर्म और संस्कृति के साथ देश और समाज के अहम सवाल भी शामिल हैं। 

कलाविद जब किसी सामंत की जागीर हो जाए 
तो उसकी ही कला उसके लिए ज़ंजीर हो जाए 
'अरुण' अस्सी बरस का हो गया इक भी नहीं संग्रह 
कहो उससे कि इस बारे में अब गंभीर हो जाए

संग्रह में कुछ मज़ाहिया ग़ज़लें भी शामिल हैं। उनका सेंस आफ ह्यूमर भी कमाल का है। 

इसे देखिए, यह है नए समय का छैला 
कपड़ा जिसका घिसा पिटा और मैला मैला
वह है पुरुष विवाहित काम से जब घर लौटे
दौड़ा जाए, हाथ में हो भाजी का थैला


विजय अरुण की ग़ज़लें ख़ुद में रचनात्मकता का एक बेहतरीन दस्तावेज़ हैं। उनमें नयापन और ताज़गी है। लफ़्ज़ों को बरतने का सलीक़ा है। उनके इज़हारे ख़यालात में गहराई है। समसामयिक कथ्य को ग़ज़ल में ढाल देने का हुनर है। कुल मिलाकर विजय अरुण ने साबित कर दिया है कि वे एक ऐसे समर्थ रचनाकार हैं जिनसे नई नस्ल बहुत कुछ सीख सकती हैं। 

आपका : देवमणि पांडेय 
मो : 98210 82126


 प्रकाशक : अद्विक प्रकाशन, 41 हसनपुर आईपी एक्सटेंशन, पटपड़गंज, दिल्ली -110092, PH : 011-4351 0732,   +91-95603 97075

advikpublication1@gmail.com
Web : www.advikpublication.com
#मूल्य : मूल्य : 300/- रूपए
- - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - - -

कोई टिप्पणी नहीं: