सोमवार, 25 मई 2026

हिन्दी साहित्य और हिन्दी सिनेमा का सम्बंध

 

हिन्दी साहित्य और हिन्दी सिनेमा का सम्बंध

साहित्य और सिनेमा का क्या सम्बंध है?  देखने में तो दोनों रेलवे की पटरियों की तरह समांतर चलते हैं मगर दोनों में कोई गहरा सम्बन्ध है। दुनिया में कई साहित्यिक कृतियों पर महान फ़िल्में बनी हैं। वस्तुतः साहित्य निजी अभिव्यक्ति है। यह एक ऐसा सृजन है जिसमें व्यक्ति के सोच, सरोकार और संस्कार शामिल होते हैं। साहित्य का पाठक पढ़ा लिखा होता है। साहित्य में वर्णित किरदारों की छवि पाठकों के मन में अलग-अलग निर्मित होती है। हम अपनी सोच और सम्वेदना के अनुसार इनका स्वरूप तय करते हैं। कहा जाता है कि हर काल में साहित्य के पाठक प्रायः दो प्रतिशत ही होते हैं।


साहित्य की तुलना में सिनेमा एक सार्वजनिक माध्यम है। इसे समाज का विशाल वर्ग देखता है। इन दर्शकों में पढ़े लिखे भी होते हैं और अनपढ़ भी होते हैं। अमीर भी सिनेमा देखते हैं और ग़रीब भी देखते हैं। सभी को सिनेमा से मनोरंजन प्राप्त होता है। सिनेमा हॉल के अंधकार में व्यक्ति अकेला होता है और समूह में भी होता है। वह सब के साथ रोता है, सबके साथ हंसता है और सब के साथ तालियां बजाता है। सिनेमा मुख्य किरदार की जो छवि पेश करता है उसे सभी दर्शक स्वीकार कर लेते हैं। 'उमराव जान' उपन्यास पढ़ते समय हर पाठक को उमराव जान का चेहरा अलग अलग नज़र आता है। मगर फ़िल्म देखते समय अभिनेत्री रेखा को ही सारे दर्शक उमराव जान मान लेते हैं। 


साहित्य का पाठक अपनी कल्पनाशीलता से काम लेता है। सिनेमा निर्देशक का माध्यम होता है निर्देशक अपने विवेक से पर्दे पर जिस चरित्र को साकार करता है उसे ही दर्शक सच मान लेता है। निर्देशक का माध्यम होते हुए भी सिनेमा एक सामूहिक कर्म है। इस समूह में कहानीकार, पटकथाकार, संवाद लेखक, कलाकार, संगीतकार, लाइटमैन और कैमरामैन सब का योगदान होता है। ये सारे लोग अपना अपना काम करते हुए पर्दे पर निर्देशक की कल्पना को साकार करते हैं। साहित्य स्वांत: सुखाय या लोकरंजन के लिए हो सकता है। मगर सिनेमा का मुख्य उद्देश्य है मनोरंजन प्रदान करना। जिस तरह नाटक, लोककलाएं, रामलीला आदि का मंचन देखकर हमारा मनोरंजन होता है बिलकुल उसी तरह सिनेमा हमें मनोरंजन प्रदान करने वाला बेहद कलात्मक और सशक्त माध्यम है।


साहित्य हमें भीतर से समृद्ध करता है। हमारी संवेदना को जगाता है। ज़िंदगी, समय और समाज को समझने की दृष्टि प्रदान करता है। साहित्य से हम मनोरंजन की अपेक्षा नहीं कर सकते। मगर जब किसी साहित्यिक कृति पर फ़िल्म का निर्माण होता है तो वहां बाज़ार उपस्थित हो जाता है। बाज़ार की मांग को पूरा करने के लिए फ़िल्म में उन तत्वों को शामिल करना ज़रूरी हो जाता है जिनसे दर्शकों का मनोरंजन होता है। इस संदर्भ में निर्देशक बासु चटर्जी की फ़िल्म 'रजनीगंधा' का उदाहरण देख सकते हैं। मन्नू भंडारी की कहानी ‘यही सच है’ पर यह फ़िल्म आधारित है। फ़िल्म को मनोरंजक बनाने के लिए गीत-संगीत का बहुत सुंदर इस्तेमाल किया गया है। कहानी की मूल संवेदना को बरकरार रखते हुए ऐसे अतिरिक्त दृश्यों का भी फिल्मांकन किया गया जिनसे दर्शक सहज ही जुड़ाव महसूस करता है। दृश्य और ध्वनि के मेल से बॉसु चटर्जी ने एक जादुई असर पैदा किया। फ़िल्म रजनीगंधा कामयाबी की मंज़िल तक पहुंच गई। 

सिनेमा मनोरंजन का साधन है। इसलिए जब किसी साहित्यिक कृति पर फ़िल्म बनती है तो हमेशा व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।  साहित्य सैकड़ों पृष्ठों का हो सकता है मगर सिनेमा को दो से तीन घंटे की समय सीमा में ही अपने कथ्य को अभिव्यक्त करना होता है। क्या दिखाना है और क्या नहीं दिखाना है, यह बड़ा सवाल उपस्थित हो जाता है। उपन्यास के फ़िल्मांकन में कई अंश छोड़ने पड़ते हैं। अमूमन एक फ़िल्म में सौ के आसपास छोटे बड़े दृश्य होते हैं। दूसरी तरफ़ कहानी में दृश्य कम होते हैं। इसलिए उसे फ़िल्म का आकार देने के लिए कई दृश्य जोड़ने पड़ते हैं। कामना चंद्रा की कहानी पर राज कपूर ने 'प्रेम रोग' फ़िल्म बनाई। पटकथा में कई नए दृश्य जोड़े गए। गीत संगीत से फ़िल्म को सजाया गया। फ़िल्म कामयाब हुई क्योंकि राज कपूर ने कहानी की मूल संवेदना के साथ फ़िल्म का तालमेल बरकरार रखा। 


फ़िल्मकार के लिए ज़रूरी है कि वह लेखक की संवेदना, सोच और सरोकार को गहराई से समझे तभी वह कृति के साथ न्याय कर पाएगा। प्रेमचंद की कहानी 'शतरंज के खिलाड़ी' को सत्यजीत रे ने बड़े सुंदर तरीक़े से पेश किया। उन्होंने इसका अंत बदल दिया तो यह फ़िल्म दो नवाबों की दास्तान से ऊपर उठकर ऐतिहासिक काल खंड की सशक्त फ़िल्म बन गई। कहानी की बुनावट और परिवेश को ध्यान में रखते हुए सत्यजीत रे ने वाजिद अली शाह के चरित्र के लिए अभिनेता अमज़द खान का चयन किया। वे एक बेहतर फ़िल्म बनाने में कामयाब हुए। इसी तरह लेखकीय संवेदना के साथ संतुलन बिठाते हुए बिमल रॉय ने दो बीघा ज़मीन और गुरुदत्त ने साहब बीबी और ग़ुलाम जैसी बेमिसाल फ़िल्में बनाईं। 

सिनेमा वस्तुत: परदे पर साकार होने वाली विधा है। यानी कहानी को कैमरे की आंख से दृश्य माध्यम के रूप में पेश किया जाता है। किसी भाषा की विशिष्ट कृति को सिनेमा के रूप में पेश करते समय यह चुनौती मौजूद रहती है कि वह कहानी अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोगों को पसंद आए और वे उससे जुड़ाव महसूस कर सकें। मसलन देवदास बंगाली भाषा की कृति है। इस कहानी में निहित संवेदना से दर्शक बहुत जल्दी तालमेल बिठा लेते हैं। यही कारण है कि एक दर्जन से अधिक भाषाओं में देवदास पर फ़िल्मों का निर्माण हुआ और उन्हें कामयाबी मिली। 

बांग्ला लेखकों के साहित्य में पारिवारिक भावनाएं, ज़िंदगी के मर्मस्पर्शी घटनाक्रम और दिल को छूने वाले दृश्य होते हैं। इसलिए कई बांग्ला कृतियों पर कामयाब फ़िल्मों का निर्माण हुआ। इनमें देवदास, नौकाडूबी, साहब बीवी और ग़ुलाम, मझली दीदी, परिणीता, दुर्गेश नंदिनी, आनंद मठ आदि शामिल हैं। साहित्य के लिए नोबुल पुरस्कार से सम्मानित रविंद्रनाथ टैगोर की कई कृतियों पर सफल फ़िल्मों का निर्माण हुआ। रविंद्रनाथ टैगोर के उपन्यास 'नौकाडूबी' पर निर्देशक नितिन बोस ने सन् 1946 में फ़िल्म बनाई जिसमें दिलीप कुमार की प्रमुख भूमिका थी। सुधेंदु राय ने सन् 1971 में रविंद्रनाथ टैगोर की कृति पर बनी फ़िल्म 'उपहार' का निर्देशन किया। इस फ़िल्म में अभिनेत्री जया बच्चन की प्रमुख भूमिका थी। सन् 1961 में रविंद्रनाथ टैगोर की कहानी पर बिमल रॉय ने 'काबुलीवाला' फ़िल्म बनाई। मुख्य भूमिका में बलराज साहनी थे। सत्यजीत राय की तीन मशहूर फ़िल्में- 'तीन कन्या' (1961), 'चारु लता' (1964] और 'घरे बाइरे' [1984] रविंद्रनाथ टैगोर की कृतियों पर आधारित हैं। 


बांग्ला साहित्य और सिनेमा का शुरू से ही घनिष्ठ संबंध रहा है। साहित्य जगत ने सिनेमा को और सिने जगत ने साहित्य को पर्याप्त सम्मान दिया। इसी तरह मराठी साहित्य और सिनेमा का भी रिश्ता अंतरंग है। कई मराठी कृतियों और नाटकों पर श्रेष्ठ फ़िल्मों का निर्माण हुआ और उन्हें कामयाबी हासिल हुई। उर्दू साहित्यकार भी सिनेमा के बहुत क़रीब रहे। गीत और संवाद लेखन में उन्हें भरपूर प्रतिष्ठा मिली। मगर हिंदी साहित्यकारों ने सिनेमा को उचित महत्व नहीं दिया। साहित्यकारों और फिल्मकारों में तालमेल के अभाव में हिंदी कृतियों पर बनी अधिकांश फ़िल्मों को असफलता का सामना करना पड़ा।


हिंदी में साहित्य पर आधारित फ़िल्मों की लगातार असफलता का दुष्परिणाम यह हुआ कि साहित्य और सिनेमा में दूरी बढ़ती गई। असफल फ़िल्मों में गोदान, दो बैलों की कथा, सदगति, तीसरी क़सम, महाभोज, समय की धारा (आपका बंटी), दामुल, उसने कहा था, सूरज का सातवां घोड़ा, उत्सव (मृच्छकटिकम्), एक चादर मैली सी, पिंजरे आदि अनेक फ़िल्में शामिल हैं। हिंदी साहित्यकारों के साथ फ़िल्मकार बासु चटर्जी के अच्छे रिश्ते थे। उन्होंने राजेंद्र यादव के उपन्यास 'सारा आकाश' और मन्नू भंडारी की कहानी पर 'रजनीगंधा' फ़िल्म बनाई। शिव मूर्ति की कहानी 'तिरिया चरित्र' पर टेलीफ़िल्म बनाई। कमलेश्वर और गुलज़ार अच्छे दोस्त थे। आपसी तालमेल अच्छा था। कमलेश्वर की कहानी पर गुलज़ार ने 'आंधी' और 'मौसम' फ़िल्म का लेखन निर्देशन किया। ये फ़िल्में  कामयाब रहीं। साहित्य पर आधारित आनंदमठ, दो बीघा ज़मीन, रूदाली, शतरंज के खिलाड़ी आदि कामयाब फ़िल्में थीं। 'साहब बीवी और ग़ुलाम' तथा 'उमराव जान' ऐसी कामयाब फ़िल्में थीं जो अपनी गुणवत्ता में मूल कृति से भी आगे निकल गईं। कला की दुनिया में रचनात्मकता का यह अद्भुत उदाहरण है।

हिंदी सिनेमा में लेखक को समुचित महत्व नहीं दिया जाता इसलिए कई लेखक मुंबई आकर वापस लौट गए। कथाकार भगवती चरण वर्मा आए थे उनके उपन्यास चित्रलेखा पर दो बार फ़िल्म बनी। प्रेमचंद की कहानी पर 'मिल मज़दूर' फ़िल्म बनी। इसे देखकर प्रेमचंद ने कहा था कि इसमें मेरा दस प्रतिशत भी नहीं है। प्रेमचंद एक साल के करार पर मुंबई आए थे मगर आठ महीने में वापस लौट गए। सुमित्रानंदन पंत भी आ कर वापस लौट गए। 'तीसरी क़सम' की पटकथा लिखने के लिए शैलेंद्र ने फणीश्वर नाथ रेणु को मुंबई बुलाया था। वितरकों का आग्रह था कि 'तीसरी क़सम' का अंत बदल दिया जाए। रेणु ने मना कर दिया। उन्होंने कहा कि अंत बदल देंगे तो 'तीसरी क़सम' नाम रखने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा। मनोहर श्याम जोशी भी यहां आकर वापस गए। कमलेश्वर और राही मासूम रज़ा ने जिस तरह बाज़ार की ज़रूरतों को समझ कर सिनेमा में योगदान किया वैसा जज़्बा बाद के रचनाकारों में नहीं दिखाई पड़ा। 


हिंदी साहित्यकार इस बात को समझना नहीं चाहते कि साहित्य को ज्यों का त्यों नहीं फ़िल्माया जा सकता। फ़िल्मकार कैमरे की आंख से कहानी का पुनर्सृजन करता है। शब्द की सत्ता के बजाय दृश्य की सत्ता क़ायम करता है। सत्यजीत रे ने प्रेमचंद की कहानी पर आधारित फ़िल्म शतरंज के खिलाड़ी में कई नए दृश्य जोड़े। फ़िल्म का अंत बदल दिया फिर भी उसे पसंद किया गया। फ़िल्म के निर्देशक को यह आज़ादी मिलनी ही चाहिए।


किसी साहित्यिक कृति पर निर्मित फ़िल्म नाकामयाब क्यों होती है इसके कई कारण हो सकते हैं। मसलन फ़िल्म 'गोदान' के खांटी देहाती मज़ाकिया होरी के रूप में मशहूर अभिनेता राजकुमार को दर्शक आत्मसात नहीं कर पाए। मन्नू भंडारी के उपन्यास 'आपका बंटी' पर 'समय की धारा' फ़िल्म बनी। बंटी के तलाक़शुदा मां और पिता दुबारा शादी कर लेते हैं। बंटी नई मां और नए पिता को स्वीकार नहीं कर पाता। वह अचानक घर से भाग जाता है और उसकी अप्रत्याशित मौत होती है। फ़िल्म के ऐसे त्रासद अंत को दर्शक पचा नहीं पाए। अमृता प्रीतम के उपन्यास' पिंजर' पर इसी नाम से फ़िल्म बनी। फ़िल्म की नायिका अंत में उसी मुस्लिम युवक के साथ पाकिस्तान चली जाती है जिसने उसका अपहरण किया था। फ़िल्म का ऐसा क्लाइमेक्स दर्शकों की सोच से सर्वथा विपरीत था। 


रामायण और महाभारत दो ऐसे महाकाव्य हैं जो बहुत सारी फ़िल्मों के लिए प्रेरणा स्रोत रहे। रामायण में बुराई पर अच्छाई की जीत होती है और महाभारत में अधर्म के ऊपर धर्म की विजय होती है। यह संदेश दर्शकों की सोच के अनुकूल है। दोनों कृतियों में ऐसे घटनाक्रम हैं जो हर भाषा के दर्शकों को पसंद आते हैं। दर्शकों को इनमें अपना अक्स दिखाई पड़ता है। किसी साहित्यिक कृति को जब फ़िल्म में तब्दील किया जाता है तो उसमें ऐसे सार्वकालिक गुणों का होना ज़रूरी है जिनके साथ दर्शक अपनी भावनाओं का जुड़ाव महसूस करें और अपनी सोच का तालमेल बिठा लें। 


साहित्य और सिनेमा के रिश्तों को मज़बूत करने के लिए हमें ऐसे फ़िल्मकारों की ज़रूरत है जो अपने सिनेमाई अनुभव को पाठकों के साथ साझा कर सकें। कई बांग्ला फिल्मकारों ने ऐसा किया। सत्यजीत रे ने एक महत्वपूर्ण किताब लिखी है- चलचित्र कल और आज। इसे पढ़कर यह समझना आसान हो जाता है कि साहित्य का एक साधारण दृश्य जब फ़िल्म के दृश्य में रूपांतरित होकर सामने आता है तो उसका असर कैसे कई गुना बढ़ जाता है। हिंदी में ऐसी कृतियों का अभाव है। 


हिंदी में कई साहित्यिक पत्रिकाओं ने फ़िल्मों में पर बड़े अच्छे विशेषांक निकाले। मनोहर श्याम जोशी और असग़र वजाहत ने पटकथा पर किताबें लिखीं। सवाल यह है कि हिंदी के कितने साहित्यकार ऐसी किताबों को पढ़ते हैं। अगर वे सिने साहित्य को भी अपने अध्ययन का हिस्सा बनाएंगे तो सिनेमा के अनुकूल समझ भी विकसित होगी। सिनेमा और साहित्य में नज़दीकियां पैदा होगीं। फ़िलहाल हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक नई प्रतिभाशाली पीढ़ी सक्रिय है। मुझे उम्मीद है कि यह पीढ़ी सिनेमा को समझेगी। इसके प्रयास से साहित्य और सिनेमा का रिश्ता मज़बूत होगा। 

आपका - देवमणि पांडेय 

सम्पर्क : बी-103, दिव्य स्तुति, कन्या पाडा, गोकुलधाम, फ़िल्म सिटी रोड, गोरेगांव पूर्व, मुम्बई-400063, 98210 82126


कोई टिप्पणी नहीं: